त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग में किशोर की सरेराह चाकू मारकर हत्या

जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र में त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग के चलते 16 वर्षीय किशोर की चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी गई।

गढ़ा पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऋषभ राजपूत (16), निवासी सिद्धबाबा, लाल माटी घमापुर का अपनी बाइक से छोटी लाइन से मेडिकल की ओर जा रहा था। जैसे ही वह मदनमहल क्षेत्र स्थित शुभम अस्पताल के पास पहुँचा, पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार हमलावरों ने उसे रोक लिया। इससे पहले कि ऋषभ कुछ समझ पाता, बदमाशों ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके सीने और पेट पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा‌। वारदात के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल ऋषभ को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। घाव गहरे होने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी, जिसे देखते हुए डॉक्टरों ने उसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहाँ उपचार के दौरान ऋषभ ने दम तोड़ दिया।

पुलिस की अब तक की जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग निकलकर सामने आई है। बताया जा रहा है कि आरोपी यश राज पटेल की एक युवती से गहरी दोस्ती थी। कुछ समय पहले युवती ने यश से दूरी बना ली थी और उसकी नजदीकियां ऋषभ से बढ़ गई थीं। इसी बात से आक्रोशित होकर यश राज ने अपने साथियों के साथ मिलकर ऋषभ को रास्ते से हटाने की साजिश रची और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

Next Post

परीक्षा परिणाम के तनाव में छात्रा ने की आत्महत्या, 3 विषयों में फेल होने पर उठाया कदम

Sat Mar 28 , 2026
छतरपुर। जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र के ग्राम जनकपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ परीक्षा में असफल होने के गम में एक 14 वर्षीय छात्रा ने मौत को गले लगा लिया। इस घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। परिणाम देखते […]

You May Like