
छतरपुर। जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र के ग्राम जनकपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ परीक्षा में असफल होने के गम में एक 14 वर्षीय छात्रा ने मौत को गले लगा लिया। इस घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।
परिणाम देखते ही गुमसुम हो गई थी छात्रा
मृतिका के भाई रामदास अहिरवार ने बताया कि गुरुवार को कक्षा 9वीं का परीक्षा परिणाम घोषित हुआ था। परिणाम में छात्रा तीन विषयों में अनुत्तीर्ण (फेल) हो गई थी। अपनी असफलता को छात्रा सहन नहीं कर पाई और परिणाम देखने के बाद से ही वह काफी परेशान और गुमसुम रहने लगी थी। जब घर के अन्य सदस्य अपने कामों में व्यस्त थे और छात्रा घर में अकेली थी, तब उसने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
अस्पताल पहुँचने से पहले तोड़ा दम
परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वे आनन-फानन में उसे लेकर जिला अस्पताल पहुँचे। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी; डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
प्रशासनिक जांच शुरू
ईशानगर थाना पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला परीक्षा परिणाम से आहत होकर तनाव में उठाए गए कदम का लग रहा है। पुलिस अब परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे के अन्य पहलुओं को समझा जा सके।
