
छतरपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में पूरे प्रदेश के साथ-साथ छतरपुर में भी ‘विक्रमोत्सव 2026’ के अंतर्गत जिला स्तरीय सूर्य उपासना कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन किया गया। शहर के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, इतिहास और धार्मिक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला।
दिग्गज जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छतरपुर विधायक ललिता यादव शामिल हुईं। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रशासनिक स्तर पर प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एसडीएम प्रशांत अग्रवाल और अन्य अधिकारी भी व्यवस्थाओं की कमान संभाले नजर आए।
सम्राट विक्रमादित्य के शौर्य की दिखी झलक
आयोजन का मुख्य आकर्षण म.प्र. नाट्य विद्यालय भोपाल और संस्कृति विभाग के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सम्राट विक्रमादित्य पर आधारित नाट्य मंचन रहा। कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों को प्राचीन भारत के गौरवशाली इतिहास से रूबरू कराया। कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से ब्रह्मध्वज की स्थापना और पूजन किया गया। साथ ही, अतिथियों एवं आमजन को ‘भारत का नववर्ष विक्रम संवत’ पुस्तिका का वितरण कर भारतीय काल गणना के महत्व को रेखांकित किया गया।
विधायक ललिता यादव का संदेश
विधायक ललिता यादव ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदू नववर्ष का दिन हमारे लिए आत्मगौरव का प्रतीक है। उन्होंने मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ती है। उन्होंने चैत्र नवरात्रि और गुड़ी पड़वा की शुभकामनाएं देते हुए नागरिकों से आगामी रामनवमी शोभायात्रा में उत्साहपूर्वक शामिल होने की अपील भी की।
