लापता युवक की नदी मेें मिली लाश, मगरमच्छ बना रहा था निवाला

जबलपुर: खमरिया थाना अंतर्गत सोनपुर रोड घाना में रहने वाले एक 25 वर्षीय युवक का शव सोमवार को परियट नदी में उतराता मिला। रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह थी कि जब शव मिला, तब मगरमच्छ उसे अपना निवाला बना रहे थे। पुलिस ने राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुँचकर मगरमच्छ को भगाया और शव को बाहर निकाला गया । फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि मृतक पत्नी से विवाद के बाद गुस्से में घर से निकल गया था और उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में नदी में डूबने से मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हिमांशु महोबिया पिता स्व. नारायण महोबिया 25 वर्ष का 16 अप्रैल की शाम अपनी पत्नी से किसी बात पर विवाद हुआ था। इसके बाद वह गुस्से में घर से निकल गया। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने पहले तो अपने स्तर पर उसकी तलाश की और जब उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा तो अंतत: थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक के अनुसार पुलिस गुमशदगी दर्ज कर पतासाजी कर रही थी इस बीच सोमवार सुबह साढ़े दस बजे लालपुर के समीप परियट नदी के पास से गुजर रहे राहगीरों ने देखा कि नदी में एक सड़ा-गला शव पड़ा है, जिसे मगरमच्छ नोच रहे हैं। जिसके बाद उन्होंने मामले की सूचना खमरिया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची। स्थानीय लोगों की मदद से पहले मगरमच्छ को वहां से खदेड़ा गया और फिर कड़ी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया। परिजनों ने मौके पर पहुँचकर शव की शिनाख्त हिमांशु के रूप में की।
पीएम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
युवक की मौत पानी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई और कारण है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी। पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। जिसके बाद ही पता चल सकेगा कि मृतक किन परिस्थितियों में नदी में डूबा।

Next Post

पश्चिम एशिया संकट के बीच छत्तीसगढ़ में ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, अफवाहों से दूर रहने की अपील

Tue Apr 21 , 2026
रायपुर, (वार्ता) पश्चिम एशिया संकट के बाद से राज्य सरकार प्रदेश में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार के लगातार संपर्क में है। केंद्र सरकार द्वारा एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता की नियमित समीक्षा की जा रही है। सरकार ने […]

You May Like