जीएसटी संरचना में व्यापक बदलाव रोजमर्रा के खर्चों को काफी कम कर देंगे: शाह

नयी दिल्ली, 22 सितंबर (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) की दरों में किये गये बदलाव को अगली पीढ़ी के लिए सुधार बताते हुये इसे गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं को सशक्त बनाने के मोदी सरकार के मिशन में एक ऐतिहासिक कदम करार दिया है।

सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर की गयी पोस्ट की एक शृंखला में, श्री शाह ने कहा कि जीएसटी संरचना में व्यापक बदलाव रोजमर्रा के खर्चों को काफी कम कर देंगे और भारत को दुनिया का सबसे समृद्ध राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ायेंगे।

श्री शाह ने कहा, “ अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं की सेवा के दृढ़ संकल्प का प्रमाण हैं। नये सुधार विभिन्न वस्तुओं पर जीएसटी दरों में भारी कटौती के साथ उनके खर्चों को और कम करेंगे और भारत के विकास के पहिये को दुनिया का सबसे समृद्ध देश बनने की राह पर और भी तेज़ी से आगे बढ़ायेंगे। ”

व्यापक आर्थिक प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए, श्री शाह ने कहा कि ये सुधार न केवल उपभोक्ताओं पर बोझ कम कर रहे हैं, बल्कि मध्यम वर्ग के लिए अधिक अवसर भी पैदा कर रहे हैं।

गृह मंत्री ने कहा, “ मोदी सरकार मध्यम वर्ग के लिए ढेरों अवसर खोलकर उनकी आय बढ़ा रही है और जीएसटी में सुधार के ज़रिए उनकी बचत में लगातार वृद्धि सुनिश्चित कर रही है। ”

उन्होंने कहा, “ दैनिक आवश्यक वस्तुओं, स्वास्थ्य सेवाओं, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और शिक्षा से जुड़ी वस्तुओं की जीएसटी दरों में भारी कमी से उनकी खर्च करने योग्य आय बढ़ेगी और वे और भी अधिक बचत करने के लिए प्रोत्साहित होंगे। ”

 

Next Post

मोदी देश-विदेश में लाखों लोगों के लिए प्रेरणा : राधाकृष्णन

Mon Sep 22 , 2025
नयी दिल्ली 22 सितंबर (वार्ता) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लोगों की भावनाओं की गहरी समझ है उसी के अनुरूप योजनाओं का क्रियान्वयन करते है जिससे देश-विदेश में लाखों लोगों के लिए वह प्रेरणा हैं। श्री राधाकृष्णन ने सोमवार को यहाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी […]

You May Like