भोपाल: स्वर्गीय श्री रामगोपाल जी माहेश्वरी के नाम से पहले से पहचाने जाने वाले मार्ग की नामपट्टिका का आज औपचारिक अनावरण किया जाएगा।कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री और शहर के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।कार्यक्रम एमपी नगर जोन-1 स्थित नवभारत प्रेस परिसर में दोपहर 3 बजे आयोजित होगा।नामपट्टिका अनावरण कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। वहीं कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल की महापौर मालती राय और कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश नायक विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।
स्वर्गीय रामगोपाल जी माहेश्वरी नवभारत के संस्थापक रहे हैं। पत्रकारिता के साथ स्वतंत्रता संग्राम में भी उनका योगदान रहा है।1934 में नागपुर से नवभारत की शुरुआत करने वाले श्री रामगोपाल माहेश्वरी बाबूजी की पत्रकारिता विरासत आज भी बदलते समय में प्रासंगिक है। उनके लिए पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और जनता की आवाज को सामने रखने का माध्यम थी।
