
इंदौर. वन विभाग की टीम ने देपालपुर क्षेत्र में अवैध लकड़ी परिवहन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए इमली और बबूल की लकड़ी से भरे ट्रक को जब्त किया है. ट्रक मालिक के पास लकड़ी ले जाने संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं था. वाहन को चांदनखेड़ी स्थित एक आरा मशीन के पास खड़ा था.
वन विभाग को बीते दिन सूचना मिली थी कि चांदनखेड़ी क्षेत्र में एक ट्रक से अवैध रूप से लकड़ी ले जाई जा रही है. सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उड़नदस्ता मौके पर पहुंचा, जहां एमपी-09-जीएफ-2668 नंबर का ट्रक खड़ा मिला. ट्रक में इमली और बबूल सहित अन्य लकड़ियां भरी थीं. टीम ने जब ट्रक मालिक इमरान खान से लकड़ी परिवहन के कागजात मांगे, तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इस पर डीएफओ प्रदीप मिश्रा के निर्देश पर वाहन को जब्त कर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की. रेंजर संगीता ठाकुर ने बताया कि आरा मशीन पर लकड़ी के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचकर टीम ने लकड़ी से लदा ट्रक जब्त किया और प्रारंभिक पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. इस कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक देपालपुर मितेंद्र परिहार और बीट गार्ड माचल अमितसिंह तोमर भी शामिल थे. विभाग द्वारा मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
