जबलपुर: अधारताल थाना क्षेत्र में प्लॉट विवाद और रुपयों के लेनदेन को लेकर तीन युवकों ने हाईकोर्ट के एक मुंशी के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोपियों ने न केवल अभद्रता की, बल्कि बीच सडक़ पर बेसबॉल के डंडे और लात-घूसों से हमला कर उन्हें अधमरा कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक गढ़ा निवासी ठाकुरदास पटेल, जो हाईकोर्ट में मुंशी के पद पर कार्यरत हैं, उन्होंने ग्राम सूखा में लक्ष्मी मंदिर के पास एक प्लॉट लिया है। इसी प्लॉट और 40,000 के बकाया लेनदेन को लेकर बृजलाल पटेल, अर्जुन पटेल और सिद्धांत दुबे उनसे रंजिश रखते आ रहे हैं।
ठाकुरदास पनागर से अपना काम निपटाकर अधारताल के रास्ते घर लौट रहे थे। जैसे ही वह भोले की रसोई के पास पहुंचे, तीनों आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। बिना किसी उकसावे के आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया। जब ठाकुरदास ने विरोध किया, तो तीनों एक राय होकर उन पर टूट पड़े। सिद्धांत दुबे ने अपने पास रखे बेसबॉल के डंडे से ठाकुरदास के सिर और पीठ पर ताबड़तोड़ वार किए। बृजलाल पटेल ने उनके कान पर जोर से घूंसा मारा, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। अर्जुन पटेल ने चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर लात-घूसों से हमला किया। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है ।
