इंदौर: लसुड़िया थाना क्षेत्र के स्कीम नंबर 78 में एक खाली प्लॉट पर लघुशंका करने गए युवक और उसके साले पर एक दुकान के चौकीदार और उसके साथियों ने लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया. विवाद में दोनों जीजा-साले गंभीर रूप से घायल हुए हैं. पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
फरियादी मानसिंह राठौर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है. मानसिंह ने पुलिस को बताया कि वह बीती रात स्कीम नंबर 78 इलाके में स्थित एक साइट के खाली प्लॉट पर अपने साले उत्तम सिंह के साथ बाथरूम करने के लिए गए थे.
उसी प्लॉट के पास एक अन्य गार्ड की झोपड़ी बनी हुई थी. मानसिंह को वहाँ पेशाब करते देख झोपड़ी से मधुरम सैंडविच का चौकीदार बाहर निकला और चिल्लाते हुए गालियां देने लगा कि तुम लोग यहाँ पेशाब क्यों कर रहे हो?जब फरियादी मानसिंह और उनके साले उत्तम सिंह ने चौकीदार को बिना वजह गालियां देने से मना किया, तो आरोपी चौकीदार आगबबूला हो गया. वह तुरंत अपनी झोपड़ी के अंदर गया और वहां रखी एक मजबूत लाठी निकालकर ले आया. आरोपी ने आते ही मानसिंह पर लाठियों से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया.
शोर-शराबा सुनकर चौकीदार के कुछ अन्य साथी भी मौके पर लाठी-डंडे लेकर आ गए और उन्होंने भी मानसिंह व उत्तम सिंह को घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया.इस अचानक हुए हमले में मानसिंह और उत्तम के शरीर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं. चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी चौकीदार और उसके साथी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले. घायल अवस्था में पीड़ित थाने पहुँचे और आपबीती बताई. पुलिस ने फरियादी मानसिंह राठौर की रिपोर्ट पर मधुरम सैंडविच के चौकीदार और उसके अन्य साथियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है
