बीना। शहर में जल कर की बकाया राशि जमा नहीं करने पर बुधवार को नगर पालिका की टीम ने 12 कनेक्शन काटे हैं। शहर के करीब 3 हजार 442 उपभोक्ताओं पर करीब साढ़े तीन करोड़ रुपए की जल कर की राशि बकाया है।मुख्य नगर पालिका अधिकारी राहुल कोरव के निर्देशन में नगर पालिका की जल विभाग की टीम ने बकाया जल कर नहीं जमा करने वाले करीब 12 लोगों के नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की। इस दौरान नगर पालिका की टीम विभिन्न वार्डों में पहुंची और जिन उपभोक्ताओं ने लंबे समय से जल कर का भुगतान नहीं किया था, उनके कनेक्शन अस्थायी रूप से बंद करने की चेतवानी दी मुख्य नगर पालिका अधिकारी राहुल कौरव बताया कि शहर में काफी संख्या में ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन पर जल कर और मकान टैक्स का बकाया है।बार-बार सूचना और अपील के बावजूद कई लोग समय पर कर जमा नहीं कर रहे हैं, जिससे नगर पालिका की आय प्रभावित हो रही है और विकास कार्यों में भी बाधा आ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी के निर्देश पर बकाया कर वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।टीम ने जवाहर वार्ड में की कार्रवाई कार्रवाई के दौरान जल विभाग की टीम ने जवाहर वार्ड में नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की है। साथ ही टीम ने कई उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द बकाया राशि जमा करने की चेतावनी दी। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि जब तक बकाया कर जमा नहीं किया जाएगा, तब तक कनेक्शन दोबारा नहीं जोड़ा जाएगा। इसके अलावा जिन लोगों पर मकान टैक्स का भी लंबा बकाया है, उनके घरों पर कुर्की की नोटिस चस्पा करने की प्रक्रिया भी शुरू की है मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि नगर के विकास और बेहतर सुविधाओं के लिए सभी नागरिकों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि जल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था, सड़क मरम्मत और अन्य मूलभूत सेवाओं के लिए नगर पालिका को नियमित आय की आवश्यकता होती है,जो मुख्य रूप से मकान टैक्स और जल कर से प्राप्त होती है। इसलिए सभी लोग समय पर अपने करों का भुगतान करें।
