इंदौर: इंदौर नगर निगम पार्षद दल ने सूरत नगर निगम के स्वच्छता एवं विकास कार्यों के सफल मॉडल का अवलोकन किया गया. दौरे के दौरान स्थानीय पार्षद दल ने सूरत महापौर और निगम आयुक्त से मुलाकात की. साथ ही सूरत नगर निगम द्वारा एसटीपी प्लांट से जलपुनर्चक्रण और बायोडायवर्सिटी पार्क का मौका मुआयना किया.
महापौर ने इंदौर नगर निगम में दूसरे शहरों के नवाचार लागू करने के लिए अलग अलग शहरों में पार्षद दल को दौरा करने भेजा है.
उक्त दौरे में पार्षद दल ने इंदौर नगर निगम की ओर से सूरत नगर निगम को शहर में किए जा रहे विकास कार्यों से संबंधित नागरिक पत्रिका भेंट की. स्वच्छता के प्रतीक स्वरूप कपड़े का झोला देकर सम्मानित किया गया. साथ ही पार्षद दल के सदस्यों द्वारा इंदौर शहर में किए जा रहे विकास कार्यों एवं स्वच्छता मॉडल की जानकारी साझा की गई.
पार्षद दल सचेतक कमल वाघेला एवं महापौर परिषद सदस्य राजेश उदावत ने बताया कि दौरे का उद्देश्य सूरत नगर निगम द्वारा स्वच्छता, जल प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अपनाए गए नवाचारों को समझना एवं उन्हें इंदौर में लागू करना है. पार्षद दल द्वारा सुरत स्थित 125 एमएलडी क्षमता के सीववेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का अवलोकन किया गया. उन्होंने बताया कि एसटीपी प्लांट से निकलने वाले ट्रीटेड पानी को आरओ लेवल तक शुद्ध किया जाता है. ट्रीटेड वॉटर को सूरत के औद्योगिक क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता है. उक्त व्यवस्था के द्वारा सूरत नगर निगम को हर साल लगभग 140 करोड़ रुपए से ज्यादा आय हो रही है. यह जल पुनर्चक्रण एवं राजस्व वृद्धि का उत्कृष्ट उदाहरण है.
बायोडायवर्सिटी पार्क देखा
इसके साथ ही पार्षद दल ने दौरे में सूरत निगम द्वारा विकसित बायोडायवर्सिटी पार्क का अवलोकन किया गया. उल्लेखनीय है कि नाले के किनारे स्थित स्लम एरिया था। सूरत नगर निगम द्वारा उक्त क्षेत्र को स्लम मुक्त करते हुए लगभग 60 हेक्टेयर भूमि पर 145 करोड़ रुपए की लागत से बायोडायवर्सिटी पार्क का निर्माण किया गया है. इस परियोजना का प्रथम चरण पूर्ण हो चुका है, जबकि द्वितीय चरण का कार्य प्रगति पर है.
कार्यों की सराहना की
पार्षद दल ने सूरत निगम के नवाचार पूर्ण एवं जनहितकारी कार्यों की सराहना की और सफल मॉडलों से प्रेरणा लेकर इंदौर शहर में भी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं विकास को और अधिक मजबूत किया जाएगा. नगर निगम इंदौर पार्षद दल सचेतक कमल वाघेला, महापौर परिषद सदस्य राजेश उदावत, पार्षद सीमा डाबी, ममता सुनार, सोनाली धरकर, सुनीता सोनगरा, पुष्पेंद्र पाटीदार, मलखान कटारिया, मृदुल अग्रवाल ने सुरत महापौर देवेश मेवानी एवं निगम आयुक्त शालिनी अग्रवाल से भेंट की।
