शिवपुरी: शिवपुरी नगर पालिका में पदस्थ प्रभारी अकाउंटेंट ने कर्मचारियों को दोगुने वेतन का भुगतान कर दिया। यह मामला नगर पालिका में चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले में सीएमओ ने अकाउंटेंट सहित कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। जानकारी के अनुसार जनवरी माह के अंत में नगर पालिका द्वारा कर्मचारियों के दिसम्बर माह के वेतन का भुगतान किया गया। वेतन भुगतान के दौरान बड़ी विसंगति सामने आई है।
यहां नगर पालिका के प्रभारी अकाउंटेंट यशपाल जाट ने वेतन भुगतान के लिए 97 कर्मचारियों की सूची दो बार बैंक भेज दी। इस तरह से करीब 20 लाख रुपये का भुगतान कर्मचारियों को अधिक कर दिया गया। जब कर्मचारियों के खाते में उन्होंने दोगुना वेतन देखा तो उन्होंने नगर पालिका में पूछताछ शुरू की। इस तरह से पूरा मामला खुल गया।इस पर नपा सीएमओ इशांक धाकड़ ने मामले की पड़ताल शुरू करवाई तो पता चला कि 61 कर्मचारियों की एक सूची और 36 कर्मचारियों की एक अन्य सूची दो बार भुगतान के लिए भेजी गई थी। इस मामले में सीएमओ इशांक धाकड़ ने यशपाल जाट को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उन्हें पद से हटाने की अनुशंसा के साथ प्रस्ताव वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा है।
वहीं सभी कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है कि वह खातों में आया अतिरिक्त भुगतान या तो नगर पालिका को वापिस करें या फिर यह भुगतान उनके अगले माह की वेतन में समायोजित किया जाएगा। सूत्र बताते हैं कि फिलहाल किसी कर्मचारी ने वेतन नगर पालिका को वापिस नहीं किया है क्योंकि उन्हें आर्थिक संकट के दौर में एडवांस भुगतान मिल गया है।हालांकि इस अतिरिक्त भुगतान से नगर पालिका को काफी परेशानी भुगतनी पड़ रही है। इस पूरे मामले में खास बात यह है कि प्रभारी अकाउंटेंट ने अधिकारियों को सिर्फ 61 कर्मचारियों की सूची की ही जानकारी दी है। 36 कर्मचारियों को दोगुने वेतन के भुगतान की जानकारी अधिकारियों को नहीं है
