भोपाल हाईवे पर दर्दनाक हादसा कार ट्रक में घुसी, दो की मौत तीन गंभीर

सीहोर। इंदौर-भोपाल हाईवे पर दरबार ढाबे के पास गुरुवार को एक भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल सीहोर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो को भोपाल रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, महू इंदौर के एक ही परिवार के पाँच सदस्य भोपाल में एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। ढाबे के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह मलबे में बदल गया। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और कम दृश्यता को दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ट्रक गलत तरीके से खड़ा था या बिना किसी संकेतक के सड़क पर छोड़ा गया था।

हादसे में कार चालक मृदंग नेमा (28) और संध्या नेमा (56) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों को वाहन से निकालने में रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना की खबर मिलते ही महू में शोक का माहौल फैल गया है।

घायल सुनील नेमा (60), संजय नेमा (45) और मीनल नेमा (40) को सीहोर जिला अस्पताल लाया गया। दो की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भोपाल रेफर कर दिया गया, जबकि सुनील नेमा का उपचार सीहोर में जारी है। कोतवाली टीआई रविन्द्र यादव ने बताया कि हादसे के कारणों और ट्रक की स्थिति की जांच की जा रही है।

Next Post

कीटनाशक पीने वाले किसान की तीन दिन बाद अस्पताल में मौत

Thu Nov 27 , 2025
बैतूल। बैतूल जिले में सांवंगी पट्टन के 55 वर्षीय किसान सुभाष बारस्कर ने पैर के तेज दर्द और बढ़ते तनाव के चलते तीन दिन पहले कीटनाशक पी लिया था। गुरुवार सुबह बैतूल जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल पुलिस चौकी के अनुसार, कुछ दिन पहले […]

You May Like