दिल्ली पुलिस ने पांच करोड़ से अधिक की साइबर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़

नयी दिल्ली, 13 दिसंबर (वार्ता) दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) इकाई ने राष्ट्रीय राजधानी से पांच दिनों में पांच करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले साइबर अपराध गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि विशेष खुफिया जानकारी पर कार्रवाई करते हुए, साइबर सेल की एक टीम ने 26 नवंबर को द्वारका के एक होटल में छापा मारा जिसमें चार आरोपियों को पकड़ा गया।

पुलिस उपायुक्त (आईएफएसओ) विनीत कुमार ने कहा, “महाराष्ट्र के सुल्तान सलीम शेख और सतीश कुमार, कर्नाटक के मूल निवासी सैयद अहमद चौधरी और दिल्ली निवासी तुषार मालिया एक होटल के कमरे से काम करते पाए गए और कथित तौर पर कानून से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलते हुए साइबर-धोखाधड़ी कर रहे थे।”

लगातार पूछताछ के दौरान, अधिकारियों ने पाया कि सुल्तान ने गिरोह के सदस्यों के कहने पर लगभग एक महीने पहले एक्सिस बैंक लिमिटेड में एक चालू खाता खोला था। धोखाधड़ी वाले लेनदेन पर कथित तौर पर उसे 25 प्रतिशत कमीशन का वादा किया गया था और उसे संचालन में सुविधा के लिए एक नया मोबाइल फोन भी प्रदान किया गया था।

अधिकारी ने बताया, “उसके फोन में ‘बैंक अलर्ट’ और लेनदेन का विवरण मिला, जिससे पता चला कि खाते में 21 नवंबर से 26 नवंबर के बीच 5,24,22,773 रुपये के 10,423 लेनदेन दर्ज थे।”

पुलिस ने आरोपियों के खुलासे के बाद दिल्ली और राजस्थान से पांच और आरोपियों, शिवम, सुनील, प्रभु दयाल, तरुण शर्मा और सुरेश कुमार कुमावत को गिरफ्तार कर लिया।

श्री कुमार ने कहा कि पुलिस ने कुमावत की पहचान एक प्रमुख संचालक के रूप में की, जिसने बैंक खाता आपूर्तिकर्ताओं और मुख्य साइबर-धोखाधड़ी के सरगनाओं के बीच एक मध्यस्थ के रूप में काम किया।

इस मामले में जांचकर्ताओं के अनुसार, गिरोह ने एक व्यवस्थित कार्यप्रणाली का पालन किया जिसमें बिचौलियों के माध्यम से बैंक खाते प्राप्त किए जाते थे, जिनका उपयोग बाद में साइबर-धोखाधड़ी संचालकों द्वारा अवैध आय को शोधित करने के लिए किया जाता था।

अधिकारी ने कहा, “कथित तौर पर धन को हवाला चैनलों के माध्यम से भेजा गया और पैसे के निशान को छिपाने के लिए क्रिप्टोकरेंसी, विशेष रूप से यूएसडीटी में परिवर्तित किया गया।”

पुलिस ने तलाशी के दौरान, एक दर्जन से अधिक मोबाइल फोन, कई चेकबुक, डेबिट कार्ड, बैंक दस्तावेज़ और बेंगलुरु पुलिस द्वारा जारी एक नोटिस ज़ब्त किया।

श्री कुमार ने कहा कि स्पेशल सेल पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 और 61 के तहत एक मामला दर्ज किया गया है और विदेशों से काम कर रहे हवाला संचालकों एवं मास्टरमाइंड शातिरों की पहचान करने के लिए आगे की जांच और डिजिटल फोरेंसिक विश्लेषण जारी है।

 

 

Next Post

ऐतिहासिक गिरावट के साथ बंद हुआ रुपया

Sat Dec 13 , 2025
मुंबई, 12 दिसंबर (वार्ता) बैंकों के डॉलर खरीद बढ़ाने से रुपये में सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस पर शुक्रवार को भी गिरावट रही और यह ऐतिहासिक निचले स्तर पर बंद हुआ। भारतीय मुद्रा आज 17.50 पैसे की गिरावट के साथ 90.4950 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई। वहीं बीच कारोबार […]

You May Like