पटना | भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल होने की खबरों पर पूर्ण विराम लगा दिया है। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीति उनके बस की बात नहीं है। खेसारी ने बेबाकी से कहा, “मैं एक कलाकार हूं और मुझे कलाकार ही रहने दीजिए। राजनीति में अक्सर झूठ का सहारा लेना पड़ता है, जबकि हम सच बोलने वाले लोग हैं।” उन्होंने अपने पुराने चुनावी अनुभव का हवाला देते हुए स्वीकार किया कि उस समय उन्हें यह बखूबी अहसास हो गया था कि सियासत का रास्ता उनके स्वभाव के अनुकूल नहीं है।
भोजपुरी इंडस्ट्री के अन्य सितारों जैसे मनोज तिवारी और रवि किशन के सफल राजनीतिक करियर के बीच खेसारी का यह बयान काफी चर्चा में है। बातचीत के दौरान जब उनसे पवन सिंह और ज्योति सिंह के तलाक के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बेहद सधे हुए अंदाज में जवाब दिया। खेसारी ने कहा कि यह उनका निजी पारिवारिक मामला है और अब वे किसी के व्यक्तिगत जीवन पर टिप्पणी करने से बचते हैं। उन्होंने पुरानी बातों को याद करते हुए कहा कि पहले दिए गए बयानों के कारण उन्हें काफी ट्रोलिंग झेलनी पड़ी थी, इसलिए अब वे केवल काम पर ध्यान देना चाहते हैं।
इंडस्ट्री में एकजुटता का संदेश देते हुए खेसारी ने कहा कि चाहे उनका गाना चले या पवन सिंह का, अंततः नाम भोजपुरी माटी का ही रोशन होता है। उन्होंने क्रिकेटर ईशान किशन की भी तारीफ की और मजाकिया लहजे में अपने गानों की लोकप्रियता का जिक्र किया। खेसारी ने साफ कर दिया है कि उनका पहला और आखिरी प्यार संगीत और अभिनय ही है। फिलहाल वे अपनी आगामी फिल्मों और गानों की शूटिंग में व्यस्त हैं और उनका भविष्य में भी किसी राजनीतिक दल का हिस्सा बनने का कोई इरादा नहीं है।

