पुरानी गाड़ियों को बचाने के लिए कानून बनाए सरकार : आतिशी

नयी दिल्ली, 11 जुलाई (वार्ता) आम आदमी पार्टी(आप) की वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने पुरानी गाड़ियों को बचाने के लिए कानून लाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को चिट्ठी लिखी है।

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने शुक्रवार को श्रीमती गुप्ता को लिखी चिट्ठी में कहा, “मैं यह पत्र दिल्ली के लाखों निवासियों की आवाज़ बनकर आपको लिख रही हूँ, जो आपकी सरकार की हालिया योजना से बेहद परेशान हैं। इस योजना के तहत 10 साल पुराने डीज़ल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को राष्ट्रीय राजधानी में स्क्रैप किया जाना है। यह प्रस्ताव एक जुलाई से लागू किया गया था, लेकिन जनता के विरोध के चलते तुरंत वापस ले लिया गया। अब एक नवंबर की एक नयी डेडलाइन के साथ फिर से लोगों के सिर पर तलवार की तरह लटक रही है। यदि यह फैसला लागू होता है, तो इसका असर राष्ट्रीय राजधानी के कम से कम 60 लाख वाहनों पर पड़ेगा।

उन्होंने कहा है कि किसी वाहन की उम्र उसके स्क्रैप किए जाने का मानदंड नहीं हो सकता। कोई गाड़ी केवल पांच साल पुरानी हो सकती है लेकिन वो पांच लाख किलोमीटर चल चुकी हो। कोई गाड़ी 15 साल पुरानी हो सकती है लेकिन केवल 50 हजार किलोमीटर ही चली हो। कोई गाड़ी 3-4 साल पुरानी हो सकती है लेकिन बेहद खराब रख-रखाव के कारण प्रदूषण फैला रही हो, जबकि कुछ गाड़ियां 10-12 साल पुरानी होकर भी अच्छी तरह मेंटेन हों और प्रदूषण न कर रही हों। इसलिए केवल उम्र के आधार पर किसी वाहन को प्रदूषणकारी मानना पूरी तरह से अवैज्ञानिक और अव्यवहारिक है। इस तरह के निर्णय का लाभ केवल वाहन निर्माता, डीलर्स और स्क्रैप करने वालों को होगा। आम आदमी को इससे भारी नुकसान होगा। प्रदूषण से लड़ना ज़रूरी है, लेकिन इसके लिए इस तरह की पूर्ण प्रतिबंध वाली नीति समाधान नहीं है।

आप नेता ने कहा है कि इस समस्या का एकमात्र समाधान कानून है। चूंकि एक नवंबर की डेडलाइन निकट है, भाजपा सरकार को दिल्ली में 10 साल पुराने वाहनों को राहत देने के लिए एक नया कानून लाना चाहिए। अब जबकि केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा की सरकार है, यदि सरकार चाहती है तो यह विधेयक कुछ ही दिनों में पास हो सकता है। इसके लिए दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र तुरंत बुलाया जा सकता है, जिसमें इस पर विस्तार से चर्चा हो। मैं, आम आदमी पार्टी की ओर से,यह आश्वासन देती हूं कि हम इस कानून को पास कराने और दिल्ली के लाखों लोगों को राहत देने के लिए आपकी सरकार की हरसंभव मदद करेंगे।

 

 

 

Next Post

मध्य प्रदेश का पहला कई थीम वाला जे5 स्टूडियो बनकर हुआ तैयार

Fri Jul 11 , 2025
ग्वालियर । मध्य प्रदेश का पहला कई थीम वाला स्टूडियों अब ग्वालियर के दीनदयाल नगर चावला मार्केट के पास बनकर तैयार हो गया है। इसे बनाने में 18 महीने का समय लगा। यह जानकारी पत्रकार वार्ता में आज स्टूडियो के संचालक तनुज शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि स्टूडियो को […]

You May Like