सोल 21 अप्रैल (वार्ता) दक्षिण कोरिया की राजधानी सोल में सोमवार सुबह एक अपार्टमेंट में कथित तौर पर आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए।
योनहाप समाचार एजेंसी ने अग्निशमन अधिकारियों के हवाले से बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 08:17 बजे 21 मंजिला इमारत में आग लग गई।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद उनकी टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि तब तक एक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी और ऊंची इमारत से छलांग लगाने के बाद दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नौ अन्य को धुएं के कारण सांस लेने में तकलीफ जैसी मामूली परेशानी आईं।
एजेंसी के अनुसार पुलिस को संदेह है कि किसी व्यक्ति ने जानबूझकर आग लगाई है और वे संदिग्ध आगजनी करने वाले का पता लगा रहे हैं।
