बरगवां: बरगवां से गोरबी मार्ग स्थित एनएच-39 अंडरपास की सड़क पिछले लगभग एक वर्ष से घरों के नालियों और बारिश के पानी में डूबी हुई है। लगातार जलभराव से सड़क पूरी तरह टूटकर गड्ढों में बदल चुकी है। बरसात के दिनों में यहां करीब एक फीट पानी भर जाने से मोटरसाइकिल चालकों और पैदल यात्रियों का निकलना बेहद कठिन हो जाता है। पैदल चलने वालों के जूते-पैंट तक भीग जाते हैं, जबकि वाहनों से पानी के छींटे पड़ने पर विवाद की स्थिति बन जाती है।
स्थानीय लोग बताते हैं कि रोजाना हजारों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, फिर भी प्रशासन ने समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। बीते शुक्रवार को संभागायुक्त रीवा का भी इस मार्ग से गुजरना हुआ, लेकिन जलभराव की समस्या जस की तस है। रात के समय यातायात और भी मुश्किल हो जाता है, वहीं गंदे पानी से गुजरते वक्त लोग सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर करते हैं।
