
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल के स्विचगियर अभियांत्रिकी एवं सर्विसेस विभाग की ई-पत्रिका “प्रवाहिनी” के प्रथम अंक का महाप्रबंधक (एससीआर) हेमराम पटेल द्वारा औपचारिक विमोचन किया गया।
विमोचन समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही। इनमें अपर महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष (एसडब्ल्यूई/एसएक्सएक्स) मोहम्मद आज़म खान, अपर महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष (एसडब्ल्यूएम) दिलीप कुमार, अपर महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष (सीईई, ओएफई एवं सीएक्सएक्स) एस. के. बिश्वास, अपर महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष (एससीएस) नीतू धमीजा, राजभाषा विभाग से प्रबंधक श्रीमती पूनम साहू तथा पत्रिका संपादक मंडल के सदस्य शामिल थे।
अपने संबोधन में पटेल ने कहा कि किसी भी संस्थान या विभागीय पत्रिका उसकी दृष्टि, गतिविधियों और दिशा का प्रतिबिंब होती है। ऐसी पत्रिकाएं न केवल विभागीय उपलब्धियों का दस्तावेजीकरण करती हैं, बल्कि कर्मचारियों की रचनात्मकता, अनुभव और नवाचार को भी सामने लाती हैं, जिससे संगठनात्मक संवाद और सहभागिता को मजबूती मिलती है।
