
मुंबई, 13 अगस्त (वार्ता) सोनी लिव ने अपने नये कैंपेन ‘हर स्क्रीन पर क्रिकेट, सोनी के साथ’ में अभिनेता और कॉमेडियन सुनील ग्रोवर को शामिल किया है।कैंपेन में सुनील ग्रोवर एक सख्त कॉर्पोरेट बॉस की भूमिका में नजर आते हैं, जो कर्मचारियों को बुलाकर अगले चार महीनों में कंपनी के सामने आने वाली सबसे बड़ी समस्या पर चर्चा करते हैं। इसके बाद बॉस जो समाधान निकालते हैं, वह क्रिकेट प्रेमियों को शायद ही पसंद आए। यह कैंपेन उस आम भारतीय आदत पर आधारित है, जब मैच चल रहा हो तो काम के साथ-साथ नजर स्कोर पर भी रहती है। घर हो, ऑफिस हो या सफर, क्रिकेट प्रशंसक सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव पर हर पल के क्रिकेट एक्शन से जुड़े रह सकते हैं।
क्रिकेट का यह सिलसिला 15 अगस्त से भारत के श्रीलंका दौरे के साथ शुरू होगा। इसके बाद डीपी वर्ल्ड महिला एशिया कप 2026 में 5 सितंबर को होने वाला भारत-पाकिस्तान मुकाबला भी शामिल है। इसके अलावा 17 सितंबर से शुरू होने वाले 20वें एशियाई खेल आइची-नागोया 2026 में भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मुकाबला और 22 अक्टूबर से भारत का न्यूजीलैंड दौरा भी क्रिकेट प्रशंसकों के लिए खास होगा।
सोनी लिव के प्रमुख-मार्केटिंग प्रशांत अय्यर ने कहा, “अगले चार महीनों में क्रिकेट मीटिंग्स, डेडलाइन्स और स्प्रेडशीट्स से दर्शकों का ध्यान खींचने की पूरी कोशिश करेगा। कैंपेन का आइडिया भी यहीं से आया। हम ऐसी स्थिति को मजेदार अंदाज में दिखाना चाहते थे, जिसका अनुभव लगभग हर क्रिकेट फैन ने कभी न कभी किया है।
सुनील ग्रोवर ऐसे बॉस के किरदार के लिए बिल्कुल सही थे, जो सख्त भी लगे और दर्शकों को हंसा भी सके।” सुनील ग्रोवर ने कहा, “एक क्रिकेट फैन के तौर पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव पर आने वाले अगले चार महीने मेरे लिए किसी सपने से कम नहीं हैं। भारत के श्रीलंका और न्यूजीलैंड दौरों से लेकर महिला टी-20 एशिया कप और एशियाई खेलों में क्रिकेट तक, चार बड़े क्रिकेट इवेंट्स लाइन-अप हैं। क्रिकेट के दीवाने हर फैन के लिए यह शानदार समय होने वाला है।” सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव पर 15 अगस्त 2026 से क्रिकेट के हर रोमांचक पल का आनंद लिया जा सकेगा।
