कानपुर, 13 अगस्त (वार्ता) टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) के सत्र 2026-27 की पहली यूटीटी राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आयोजन 16 से 23 अगस्त तक कानपुर स्थित द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ की मेजबानी में खेली जाने वाली प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 3,000 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, तकनीकी अधिकारी और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संजीव पाठक ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया गया है। हाल ही में उनसे शिष्टाचार भेंट कर चैंपियनशिप की जानकारी दी गई तथा स्मृति चिह्न के रूप में स्टैग की मिनी टेबल टेनिस टेबल भेंट की गई।
उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के सचिव अरुण कुमार बनर्जी ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए टीएसएच में स्टैग ग्लोबल की अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली 28 रोमा टेबल लगाई जाएंगी। दर्शकों के आकर्षण के लिए एक विशेष शो कोर्ट भी बनाया जाएगा, जहां प्रमुख मुकाबले खेले जाएंगे। आयोजन स्थल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की फ्लोरिंग, एरिना, अंपायर टेबल, टॉवल स्टैंड और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
टीटीएफआई ने केरल के एन. गणेशन को प्रतियोगिता प्रबंधक तथा दिल्ली के ए.एस. क्लेर को रेफरी नियुक्त किया है। टीएसएच इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का स्थल सहयोगी रहेगा।
प्रेस वार्ता में अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी गीता टंडन कपूर, टीएसएच के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रणीत अग्रवाल, कानपुर टेबल टेनिस संघ के सचिव संजय टंडन, सह सचिव सुनील सिंह तथा आशुतोष सत्यम झा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
