इंदौर: आजाद नगर पुलिस ने नकबजनी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से करीब 15 क्विंटल (1500 किलो) गोंद, जिसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपए है, बरामद किया है. वारदात में उपयोग महिन्द्रा पिकअप वाहन भी पुलिस ने जब्त किया है.एडीसीपी जोन-1 और एसीपी आजाद नगर के निर्देशन में थाना प्रभारी लोकेश सिंह भदौरिया की टीम ने मामला सुलझाया. रात करीब 3 बजे उद्योग नगर स्थित एक गोदाम का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश 35 कट्टे गोंद चोरी कर ले गए थे.
फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज के आधार पर आरोपियों का हुलिया और चोरी में इस्तेमाल वाहन की पहचान की गई. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मयूर उम्र 24 साल निवासी रोडिया, भीकनगांव जिला खरगौन और मालू उम्र 25 साल निवासी कोपरबेल सुरतीपुरा, सिमरोल को पकड़ा. दोनों को वाहन सहित थाना क्षेत्र में घूमते हुए दबोचा.
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना कबूल किया. आरोपियों से करीब 25 कट्टे गोंद कीमत लगभग 5 लाख रुपए और पिकअप वाहन जब्त किया है. बाकी माल और अन्य फरार साथियों की तलाश जारी है. दोनों आरोपियों पर इंदौर और खरगौन के विभिन्न थानों में आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं.
