
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित पत्रकार वार्ता में अपने कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने बीते दो वर्षों में विकास, निवेश, रोजगार और सुशासन के क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सरकार ने वर्ष 2025 को ‘उद्योग एवं रोजगार वर्ष’ घोषित किया, जिसके माध्यम से युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रहा।
सीएम यादव ने कहा कि प्रदेश में निवेश आकर्षित करने के लिए अनुकूल वातावरण बनाया गया है। इस अवधि में प्रदेश सरकार ने 18 नई नीतियाँ लागू कीं, जो नए औद्योगिक इकोसिस्टम को मजबूत आधार प्रदान करती हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में आयोजित इन्वेस्टर्स मीट बेहद सफल रही, जिसमें 32 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इनमें से 8.57 लाख करोड़ रुपए के प्रस्तावों को जमीन पर उतारने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश के साथ-साथ रोजगार सृजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार, स्टार्टअप्स को बढ़ावा, वैश्विक निवेशकों के लिए बेहतर ढाँचा और MSME सेक्टर के सुदृढ़ीकरण से व्यापक अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने, कनेक्टिविटी बढ़ाने और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था के लिए अनेक सुधार लागू किए गए, जिनका सकारात्मक प्रभाव सामने आ रहा है।
सीएम यादव ने कहा कि सरकार अगले तीन वर्षों में नई औद्योगिक इकाइयों के माध्यम से बड़े स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश विकास की नई ऊँचाइयों को छुएगा और मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य निश्चित समय पर पूरा किया जाएगा।
