
ग्वालियर। दूषित पानी की सप्लाई के मामले में ग्वालियर में हालात बिगड़ रहे हैं। ग्वालियर शहर के अधिकांश इलाकों में दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। जिसके चलते लोग बीमार पड़ रहे हैं। इसके अलावा जहां थोड़ा बहुत पानी साफ आ रहा है। तो वहां भी पानी में टीडीएस की मात्रा 500 पीपीएम से भी अधिक है। दूषित पानी पीने से लोग बीमार हो रहे हैं। कई लोग दिल्ली एम्स में भर्ती कराए गए हैं। वार्ड क्रमांक 12 की लाइन नंबर 8 में दूषित पानी के साथ ही हाई टीडीएस पानी भी पहुंच रहा है। पानी में टीडीएस की मात्रा 500 से 700 पीपीएम तक देखने को मिली है। इस पानी को पीने योग्य नहीं माना जाता है। स्थानीय निवासी विष्णु तोमर ने बताया कि इसी पानी के चलते वे बीमार हो गए। जब स्थिति गंभीर हो गई तो परिजन दिल्ली एम्स लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने जब जांच की तो पता चला कि दूषित पानी पीने के कारण ही सारी समस्या हुई है। अभी भी इलाज हो रहा है।
यहीं रहने वालीं अमृता का कहना है कि जब नल आते है तो कई बार सीवर तक का पानी आ जाता है। जिसकी वजह से पानी पीने में समस्या होती है। उनकी बेटी की तबीयत खराब हो गई है। उधर नगर निगम का कहना है कि स्वच्छ पानी प्रदाय के लिए निगम संकल्पित है।
