
ग्वालियर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में भी मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 प्रचलन में है। राजनैतिक दल अपने-अपने मतदाता एजेंट की बैठक लेकर प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन करने के लिये कहें। साथ ही कोई कमी पाई जाने पर अपने दावे-आपत्तियां दर्ज कराएं, जिससे इनका निराकरण कर शुद्ध मतदाता सूची तैयार की जाती हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रुचिका चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुई राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त राजैतिक दलों की बैठक में यह बात कही गई। इस अवसर पर कलेक्टर चौहान ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगणों को प्रारूप मतदाता सूची के एक – एक सेट भी प्रदान किए।
गुरुवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल बनवारिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण मौजूद थे।
बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी दी गई कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 12 नवम्बर को ग्वालियर जिले के सभी 1936 मतदान केन्द्रों पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन कर दिया गया है। जिले में सभी मतदान केन्द्रों पर मतदाता सूची को अद्यतन करने की कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य नए मतदाताओं के नाम जोड़ना, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाना तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन करना है। मतदान केन्द्रों पर बीएलओ द्वारा 12 नवम्बर से 11 दिसम्बर तक दावे व आपत्तियां प्राप्त की जायेंगीं। 04 जनवरी 2027 को निर्वाचक नामावली (मतदाता सूची) का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान शनिवार 21 नवम्बर, रविवार 22 नवम्बर, शनिवार 05 दिसम्बर एवं रविवार 06 दिसम्बर 2026 को मतदान केन्द्रों पर विशेष शिविर लगाए जायेंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिक नए नाम जुड़वाने, नाम हटवाने एवं संशोधन संबंधी आवेदन कर सकेंगे। जिला निर्वाचन कार्यालय ने आमजन से अपील की है कि नागरिकगण अपने मतदान केन्द्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और आवश्यकता होने पर आवेदन प्रस्तुत करें।