भारत और ब्राजील के बीच व्यापार पांच साल में 20 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (वार्ता) ब्राजील के उपराष्ट्रपति एवं विकास, उद्योग, व्यापार तथा सेवा मंत्री गेराल्डो अल्कमिन ने गुरुवार को यहां कहा कि भारत और ब्राजील के संबंध मजबूत हैं और दोनों देश आपसी व्यापार को 2030 तक 20 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखते हैं। दोनों देशों के बीच 2024 में 12 अरब डॉलर का व्यापार हुआ था।

भारत यात्रा पर आये श्री अल्कमिन ने यहां दोनों देशों के उद्यमियों की एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि इस वर्ष भारत से ब्राजील का निर्यात 30 प्रतिशत से अधिक बढ़ा है और ब्राजील से आयात भी बढ़ रहा है। हम 2030 तक 20 अरब डॉलर के विदेशी व्यापार लक्ष्य को पार कर लेंगे। फिक्की, एपेक्सब्रासिल और सीएनआई रिपीट सीएनआई द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित ‘भारत-ब्राजील व्यापार संवाद’ कार्यक्रम को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी संबोधित किया।

ब्राजील के उपराष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देश प्रतिस्पर्धी नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं। ब्राज़ील भारतीय निवेश के लिए अपने द्वार खोल रहा है और हम मिलकर अपनी अर्थव्यवस्थाओं को बदल सकते हैं और भविष्य के लिए एक मज़बूत ब्राज़ील-भारत गठबंधन बना सकते हैं।” ब्राज़ील निर्यात और निवेश के विविधीकरण के लिए भारत को एक प्राथमिकता वाला साझेदार मानता है। दोहरे कराधान से बचने के लिए निवेश सुविधा समझौते में सहयोग में प्रगति एक ऐसा कारोबारी माहौल बनाती है जो पूर्वानुमानित और सुरक्षित है।

उन्होंने कहा, “हम तरजीही व्यापार समझौते को व्यापक बनाना चाहते हैं ताकि हमारे व्यापार प्रवाह में वृद्धि हो। हम नागरिक और रक्षा क्षेत्रों में अपने दीर्घकालिक सहयोग को मज़बूत करना चाहते हैं।”

श्री अल्कमिन ने भारतीय कंपनियों को ब्राज़ील में ऑटोमोटिव, आईटी, नवीकरणीय ऊर्जा, स्वच्छ ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा, एयरोस्पेस, कृषि, सेमीकंडक्टर और डिजिटल नवाचार जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि दोनों देश एक दूसरे के यहां आवागमन में आसानी के लिए ई-वीज़ा पर भी काम कर रहे हैं।

ब्राज़ील के उपराष्ट्रपति ने कहा, “हम एआई, उच्च प्रदर्शन कंप्यूटिंग और तकनीकी स्टार्ट-अप के लिए ब्राज़ील-भारत डिजिटल साझेदारी शुरू करने के लिए तैयार हैं। यह डिजिटल साझेदारी नई हरित और डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए एक प्रेरक शक्ति होगी जिससे अधिक रोज़गार और तकनीकी संप्रभुता का सृजन होगा।”

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत अगले 20 वर्षों तक सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बने रहने का लक्ष्य रखता है। पिछले 12 वर्षों में, 25 करोड़ भारतीयों को गरीबी से बाहर निकाला गया है जो अब देश के उपभोग और विकास की कहानी को गति दे रहा है।

उन्होंने संरचनात्मक सुधारों, व्यापार में आसानी और अनुपालन बोझ को कम करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने ज़ोर देकर कहा, “सरकार के प्रयासों ने निवेशकों का विश्वास मज़बूत किया है।

फिक्की के अध्यक्ष और इमामी लिमिटेड के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक हर्षवर्धन अग्रवाल ने कहा कि भारत और ब्राज़ील एक अधिक संतुलित और समावेशी वैश्विक व्यवस्था को आकार देने में स्वाभाविक साझेदार हैं। उन्होंने आगे कहा, “आईबीएसए, ब्रिक्स, जी20 और संयुक्त राष्ट्र जैसे ढाँचों के माध्यम से, हमारे देश वैश्विक दक्षिण की आवाज़ को बुलंद करने और खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य लचीलापन, ऊर्जा परिवर्तन और जलवायु कार्रवाई में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक साथ खड़े हुए हैं।”

ब्राजील के राष्ट्रीय उद्योग परिसंघ (सीएनआई) के अंतर्राष्ट्रीय संबंध प्रभाग के अधीक्षक फ्रेडरिको लामेगो ने कहा , “आज हम भारत और ब्राजील के बीच व्यापार परिषद को पुनः आरंभ कर रहे हैं।”

 

Next Post

विप्रो को दूसरी तिमाही में 3,250 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ

Thu Oct 16 , 2025
बेंगलुरु,16 अक्टूबर (वार्ता) सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की देश की अग्रणी कंपनी विप्रो को चालू वित्त वर्ष की 30 सितंबर को समाप्त दूसरी तिमाही में 3,250 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है। कंपनी ने गुरुवार को वित्तीय परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि तिमाही के दौरान सालाना आधार पर […]

You May Like