इंदौर:एमआर 10 रोड पर बाइक सवार दो बदमाश एक युवक का मोबाइल झपटकर भागे. युवक ने उनका पीछा किया तो बाइक पर पीछे बैठा बदमाश गिर गया. पकड़े जाने के डर से उसने चाकू निकालकर युवक पर कई वार कर दिए. साथी राहगीरों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए.
सांवेर रोड सेक्टर एफ निवासी अंकित भदौरिया बुधवार की रात घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहे थे. इसी दौरान एचआर ग्रीन के सामने एमआर 10 रोड पर मेट्रो ब्रिज के नीचे मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश पहुंचे और उनका मोबाइल छीनकर भागने लगे. अंकित ने बाइक सवारों का पीछा किया तो कुमेड़ी रोड निवासी विशाल, जो बाइक पर पीछे बैठा था, गिर गया. अंकित के उसके पास पहुंचते ही विशाल ने जेब से स्प्रिंगनुमा चाकू निकाला और उन पर हमला कर दिया.
शोर सुनकर मौके पर मौजूद आदर्श मिश्रा और कुछ राहगीर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला. बाइक चला रहा आरोपी अंकित, जो देवास का रहने वाला और फिलहाल कुमेड़ी रोड पर रह रहा है, भी फरार हो गया. घायल अंकित को पहले अरबिंदो अस्पताल और बाद में बापट अस्पताल में इलाज कराया गया. अस्पताल से छुट्टी के बाद फरियादी ने बाणगंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने विशाल और उसके साथी अंकित के खिलाफ लूट और हमले का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
