
जबलपुर। कृषि उपज मंडी, सिहोरा में व्यापारियों की मनमानी और मंडी प्रशासन के विरोध में मंगलवार की दोपहर किसानों का गुस्सा फट पड़ा। आक्रोशित किसानों ने एकजुट होकर हाईवे पर जाम लगा दिया। हाईवे पर किसानों की मौजूदगी से दोनों ओर का यातायात ठप हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। मौके पर पुलिस बल पहुंचा था लेकिन काफी समझाइश के बाद भी किसान टस-मस नहीं हुए थे।
सिहोरा और उससे लगे ग्रामीण अंचल से फसल बेचने आए किसानों ने बताया कि वे मंडी में दो दिनों से फसल लेकर आए हैं और उनका माल कोई व्यापारी नहीं ले रहा है। व्यापारी गायब हो गए हैं। इससे मंडी परिसर में करीब दो हजार से अधिक किसानों की फसल रखी हुई है। व्यापारियों का आरोप था कि व्यापारी और मंडी प्रशासन की मिलीभगत सामने आ रही है, जहां मंडी प्रशासन कोई जवाब नहीं दे रहा है। उधर, एक व्यापारी का लायसेंस रद्द हो जाने की वजह से व्यापारी गायब हो गए है। इससे किसान परेशान हो चुका है।
मंडी में लगाया ताला
हाईवे जाम के दौरान पुलिस की समझाइश पर किसानों ने विरोध करते हुए जाम समाप्त कर दिया। जाम खतम करने के साथ ही मंडी प्रशासन के रवैए से आक्रोशित किसानों ने कृषि उपज मंडी के गेट पर ताला लगा दिया और वहीं, धरना दे दिया। किसानों का कहना था कि वे तीन दिनों से परेशान हो गए हैं। मंडी प्रशासन उनकी नहीं सुन रहा है। मौसम को देखते हुए उनकी फसल सड़ने की आशंका बनी हुई है।
