प्योंगयांग/वाशिंगटन, 13 नवंबर (वार्ता) अमेरिकी अधिकारियों ने खुलासा किया है कि उत्तर कोरिया समर्थित हैकर्स ने पीड़ितों को झांसा देने और उनके डिजिटल उपकरणों में संदिग्ध सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करने के लिए फर्जी वीडियो कॉल का इस्तेमाल कर 40 करोड़ डॉलर से अधिक की क्रिप्टोकरेंसी चुरा ली है।
एफबीआई ने इस धोखाधड़ी को ‘फेसस्टीलर’ नाम दिया है।
एफबीआई के साइबर निदेशक ब्रेट लेदरमैन ने कहा, “उत्तर कोरियाई शासन अपने अवैध हथियार कार्यक्रम के वित्तपोषण के लिए बड़े पैमाने पर क्रिप्टोकरेंसी चोरी से होने वाली आय पर निर्भर है और उसने हाल के वर्षों में अरबों डॉलर चुराये हैं। पिछले 18 महीनों में 900 से अधिक लोग इस साजिश का शिकार हुए हैं।”
यह चेतावनी दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज ‘बायनेंस’ के इस खुलासे के एक हफ्ते बाद आई है कि हैकर्स ने रिकॉर्ड 6.3 अरब डॉलर चुराने के लिए फर्जी नौकरी के साक्षात्कारों का सहारा लिया था। अमेरिका की कानून लागू करने वाली एजेंसियों ने अब तक की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी चोरी बताये जा रहे इस हमले के लिए उत्तर कोरिया से जुड़े तत्वों को जिम्मेदार ठहराया है।
उत्तर कोरिया ने हालांकि इन आरोपों से इनकार किया है।
एफबीआई और अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, ‘फेसस्टीलर’ मुख्य रूप से क्रिप्टोकरेंसी और वेब3 क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों, विशेष रूप से ओपन-सोर्स सॉफ्टवेयर विकसित करने और उनके रख-रखाव से जुड़े लोगों को निशाना बनाता है। हैकर संभावित पीड़ितों को जूम, माइक्रोसॉफ्ट टीम्स और गूगल मीट जैसे प्लेटफॉर्म के नकली संस्करणों के माध्यम से होने वाली वीडियो कॉल पर आमंत्रित करने के लिए फर्जी या हैक किये गये सोशल मीडिया अकाउंट का उपयोग करते हैं। कॉल के दौरान, हमलावर बातचीत को असली दिखाने के लिए निशाने पर लिये गये व्यक्तियों के परिचितों के पहले से रिकॉर्ड किये गये फुटेज चलाते हैं। इसके बाद ऑडियो में खराबी आती हुई दिखती है, जिससे स्क्रीन पर एक संदेश उभरता है, जिसमें प्रतिभागियों से समस्या को ठीक करने के लिए एक लिंक पर क्लिक करने को कहा जाता है। लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ित के डिवाइस में मैलवेयर डाउनलोड हो जाता है, जिससे हैकरों को संपर्क सूचियों और एप्लिकेशन तक पहुंच मिल जाती है और वे आगे के संभावित शिकार लोगों की पहचान कर पाते हैं।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, हमलावर गुपचुप तरीके से कॉल रिकॉर्ड भी करते हैं और नये शिकार लोगों से संपर्क करते समय पीड़ितों का रूप धारण करने के लिए उस फुटेज का उपयोग करते हैं।एफबीआई ने ‘फेसस्टीलर’ को ‘अत्यधिक प्रभावी सोशल इंजीनियरिंग योजना बताया है, जो सबसे अनुभवी तकनीकी और सुरक्षा के प्रति सचेत कंप्यूटर उपयोगकर्ता को भी धोखा देने में सक्षम है।’
एफबीआई के लॉस एंजिल्स फील्ड ऑफिस के प्रभारी सहायक निदेशक पैट्रिक ग्रैंडी ने गुरुवार को एक बयान में कहा, “यह सर्वव्यापी वीडियो कॉन्फ्रेंस प्लेटफॉर्म और हमारे महत्वपूर्ण व्यक्तिगत संबंधों पर हमारे भरोसे का फायदा उठाता है।”
उन्होंने कहा, “यदि आप ऐसी किसी स्थिति की कल्पना नहीं कर सकते, जिसमें आप इसका शिकार हो सकते हैं, तो आप पर्याप्त रचनात्मक रूप से नहीं सोच रहे हैं।”
