करवाचौथ का व्रत तोड़ पति-पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान

भोपाल। करवाचौथ की रात खजूरी सड़क थाना क्षेत्र के बरखेड़ा बोंदर गांव में पति-पत्नी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. पत्नी का शव घर के कमरे में मिला, जबकि पति का शव घर से करीब 100 मीटर दूर पेड़ पर लटका मिला. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चांद देखने के बाद पति के घर से बाहर जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय शिवानी अहिरवार की पांच साल पहले सूरज उर्फ गुल्ला अहिरवार से शादी हुई थी. सूरज मजदूरी करता था. दंपती की कोई संतान नहीं थी. घर में सूरज की मां और दादी भी रहती हैं. करवाचौथ पर शिवानी ने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा था. रात करीब दस बजे दोनों ने पूजा कर चांद के दर्शन किए. इसके बाद सूरज ने दोस्तों से मिलने जाने की बात कही तो शिवानी ने उसे रोकने की कोशिश की. परिजनों और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, शिवानी को आशंका थी कि सूरज किसी दूसरी महिला के पास जा रहा है. उसने खाना नहीं खाने और पति के लौटने पर ही भोजन करने की बात भी कही थी. इसके बावजूद सूरज घर से चला गया.

रात ढाई बजे कमरे में फंदे पर मिली पत्नी

रात करीब ढाई बजे सूरज घर लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. आवाज देने और मां-दादी की मदद से भी दरवाजा नहीं खुला. छत की चादर हटाकर देखा तो शिवानी साड़ी के फंदे पर लटकी मिली. कुछ देर बाद सूरज भी यह कहते हुए घर से गायब हो गया कि शिवानी नहीं तो वह भी नहीं. परिजन तलाश करते हुए पहुंचे तो घर से करीब 100 मीटर दूर पेड़ पर उसका शव दुपट्टे के फंदे से लटका मिला. थाना प्रभारी एसआई राजेंद्र सोलंकी के मुताबिक, परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं. खुदकुशी के कारणों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

Next Post

आदि कैलास यात्रा के दौरान सांस लेने में परेशानी के बाद इंदौर के सराफा कारोबारी की मौत

Fri Oct 30 , 2026
इंदौर. उत्तराखंड में आदि कैलास यात्रा पर गए इंदौर के 27 वर्षीय सराफा कारोबारी तिलक शर्मा की सांस लेने में परेशानी के चलते मौत हो गई. यात्रा के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उन्हें गुंजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई, उनका शव धारचूला […]

You May Like