सतना: लूट के अपराध में प्रोडक्शन वारंट पर पूछताछ के लिए मैहर लाए गए तीन अपराधी पुलिस को धक्का देकर भागे। इस दौरान दो बदमाशों को पुलिस ने दौड़कर दबोच लिया, लेकिन एक अपराधी बचकर भाग गया। शुक्रवार की रात हुई इस घटना के बाद फरार अपराधी की तलाश में पुलिस पार्टियां रवाना हुई हैं। दूसरी ओर एसपी अवधेश प्रताप सिंह ने पुलिस बल की लापरवाही के संबंध में जांच बैठाई है। जांच का जिम्मा सीएसपी महेन्द्र सिंह को दिया गया है।
यहां बता दें कि कटनी पुलिस ने लूट के तीन आरोपियों को पकड़ा था। इनमें करण उर्फ तीज पारधी, रुआ पारधी और इतवार उर्फ चूहा पारधी हैं। इन तीनों ने अमदरा थाना अंतर्गत लूट की दो वाीदातें और कोतवाली मैहर क्षेत्र में एक घटना को अंजाम दिया था। लूट के अपराध में पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट पर तीनों को मैहर लाया गया था। पूछताछ के बाद इन्हें कटनी जेल दाखिल करने के लिए वारंट लेकर पुलिस जा रही थी।
जब अमदरा के पास इटमा और बेरमा के बीच पुलिस वाहन पहुंचा तो गाड़ी में हवा कम होने का अंदेशा चालक ने दिया। गाड़ी रुकते ही उसमें सवार उप निरीक्षक सुरेश सिंह उतरकर गाड़ी में हवा देखने लगे। तभी तीनों अपराधी पुलिस आरक्षकों को धक्का देकर भागे। इस बीच करण फरार होने में कामयाब रहा। अब पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
