जबलपुर: तेवर में आयोजित लोधी समाज के कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश शासन के सांस्कृतिक एवं पर्यटक मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी को ग्राम पंचायत पडुआ के पोषक ग्राम जमुनिया में स्थित प्राचीन भगवान कुबेर मंदिर, प्रतिमाओं एवं बावली के संरक्षण व जीर्णोद्धार को लेकर रूपेश पटेल (जिला महामंत्री), चतुरसिंह (नगर पंचायत भेड़ाघाट अध्यक्ष), वर्षाशिव पटेल (सरपंच, ग्राम पंचायत पडुआ) एवं शिवप्रसाद पटेल (पूर्व सरपंच, जिला संयोजक खेल प्रकोष्ठ) द्वारा ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि भेड़ाघाट क्षेत्र की कलचुरी कालीन धरोहरों से लगे इस क्षेत्र में स्थित कुबेर मंदिर एवं बावली जीर्ण-शीर्ण अवस्था में हैं। पूर्व में पुरातत्व विभाग द्वारा सर्वे कर इसे कलचुरीकालीन धरोहर बताया गया था।जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह विश्व का एकमात्र कलचुरी कालीन कुबेर मंदिर है, जिसके संरक्षण से पर्यटन विकास, रोजगार सृजन और शोध कार्यों को बढ़ावा मिल सकता है। सरपंच वर्षाशिव पटेल एवं क्षेत्रवासियों ने मंत्री से मांग की कि इस अमूल्य पुरातत्व धरोहर को शीघ्र संरक्षित एवं पुनर्स्थापित किया जाए, ताकि इसके नष्ट होने या चोरी की आशंका से बचाया जा सके।
