इंदौर:नगर निगम आयुक्त ने आज शहर में निर्माणाधीन एसटीपी प्लांट, ड्रेनेज लाइन और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने एसटीपी प्लांट के काम और ड्रेनेज लाइन डालने के कार्य में गति बढ़ाने के निर्देश दिए.निगमायुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा अमृत योजना पैकेज 2.0 के तहत निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया गया. आयुक्त ने 107 करोड़ के लागत से टिगरिया बादशाह में निर्माणाधीन 40 एमएलडी एसटीपी प्लांट का जायजा लिया. साथ ही टिगरिया रोड पर ड्रेनेज लाइन कार्य का निरीक्षण भी किया गया. इस दौरान आयुक्त ने निर्माण एजेंसी को काम तेजी से करने के निर्देश दिए.
ध्यान रहे कि अमृत 2.0 योजना में नगर निगम द्वारा आईडीए की योजना 166 में 40 एमएलडी एसटीपी निर्माण कार्य किया जा रहा है. साथ ही गांधी नगर, नंद बाग, छोटा बांगड़ादा, टिगरिया क्षेत्र में सीवर लाइन डालने का काम चल रहा है. उक्त एसटीपी का ट्रीटेड वाटर टिगरिया बादशाह तालाब में छोड़ा जाना प्रस्तावित है. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त आशीष पाठक, कार्यपालन यंत्री अश्विन जनवदे, सहायक यंत्री आकाश जैन, कंसल्टेंट, कार्य करने वाली एजेंसी के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
सफाई व्यवस्था का निरीक्षण
आयुक्त ने आज छावनी, मधुमिलन चौराहा, आर एन टी मार्ग, राजकुमार ब्रिज, मरीमाता चौराहा किला मैदान रोड ,खड़ा गणपति रोड ,संगम नगर, कुशवाह नगर, बांगड़दा रोड,टिगरिया बादशाह, रिवर साइड रोड,किशन पूरा, छतरी आदि क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया. निगम स्वच्छता अभियान में लगे अधिकारियों को सफाई पर विशेष ध्यान रखने के आदेश दिए. आयुक्त ने किशनपुरा छतरी का भी निरीक्षण किया. छतरी की सफाई पर संतोष व्यक्त किया
