आईएएस वर्मा के खिलाफ उग्र हुआ चंबल, कई जगह फूंके पुतले

ग्वालियर/भिंड। अजाक्स के प्रदेश अध्यक्ष आईएएस संतोष वर्मा के विवादित बयान के खिलाफ पूरे ग्वालियर चंबल अंचल में विरोध और तेज हो गया है। भिंड जिले में भी परशुराम सेना के कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और संतोष वर्मा का पुतला फूंककर उन पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की। वर्मा के पुतले को कार्यकर्ताओं ने लातों से पीटा।

उधर दबोह में भी ब्राह्मण समाज ने आईएएस संतोष वर्मा का पुतला फूंका गया। आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा आरक्षण और अंतर्जातीय विवाह से जुड़ी कथित टिप्पणी के विरोध में आज गुरुवार को दबोह में भी ब्राह्मण समाज ने जोरदार प्रदर्शन किया। समाज के सदस्य बड़ी संख्या में आज विश्राम गृह पर एकत्र हुए, जहाँ उन्होंने आईएएस वर्मा द्वारा कथित रूप से दिए गए बयान की निंदा की और आक्रोश व्यक्त किया। इसके बाद समाज के लोगों ने ‘आरक्षण की औलाद’ लिखे उनके पुतले को हाथों में लेकर विश्राम गृह से एक रैली निकाली। रैली नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए झंडा चौक पहुँची, जहाँ पुतला दहन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने आईएएस अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की और कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुतला दहन के बाद समाज के प्रतिनिधि दबोह थाना पहुँचे और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर संतोष वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। समाज का कहना है कि कथित विवादित टिप्पणी से समुदाय में गहरा आक्रोश है और इस प्रकार के बयान पद की गरिमा के खिलाफ हैं।

प्रदर्शन के दौरान प्रमुख रूप से राममोहन मुद्गल, सुरेंद्र शुक्ला, नरेन्द्र मिश्रा, ह्रदयेश नायक, धर्मेंद्र कुरचनिया, सुधीर तिवारी, दिलीप नायक, शंशाक बुधौलिया, सुमित मिश्रा, दीपू शुक्ला, शोभित कुरचनिया सहित बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग उपस्थित रहे।

Next Post

लमती में नाले के पानी से उगाई जा रहीं थी सब्जियां, 2 मोटर पंप जप्त 

Thu Nov 27 , 2025
जबलपुर। जनस्वास्थ्य को खतरे में डालने वाली गतिविधियों के खिलाफ नगर निगम और जिला प्रशासन का सख्त अभियान छठवें दिन भी जारी रहा। गुरूवार को वार्ड क्रमांक 72 अंतर्गत लमती क्षेत्र में ओमती नाले के दूषित पानी से फसलों की सिंचाई कर रहे किसानों पर बड़ी कार्रवाई की गई। नगर […]

You May Like