आशीष कुर्ल पचमढ़ी। पचमढ़ी स्थित प्रसिद्ध चौरागढ़ और नागद्वार के वार्षिक मेले से पहले ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने लगा है। 7 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले इस दस दिवसीय मेले में शामिल होने के लिए सतपुड़ा अंचल के दूरस्थ वन क्षेत्रों से हजारों आदिवासी श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा और पूजा सामग्री के साथ पैदल यात्रा कर चौरागढ़ धाम की ओर बढ़ रहे हैं। वहीं नर्मदापुरम से निकले कांवड़ यात्री भी पवित्र नर्मदा जल लेकर पचमढ़ी पहुंच चुके हैं और चौरागढ़ मंदिर में जलाभिषेक की तैयारी कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मेले में शामिल होने की संभावना है, जिससे पचमढ़ी में धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
