पिकनिक मनाने पहुंचे इंदौर के दो युवकों की भैरव कुंड में डूबने से मौत

देवास। जिले के उदयनगर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध लेकिन खतरनाक भैरव कुंड एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। सोमवार को यहां पिकनिक मनाने आए इंदौर के दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में 16 वर्षीय गौरव कछवाय और 32 वर्षीय विवेक वर्मा शामिल हैं। गौरव नहाते समय डूबने लगा था, जिसे बचाने के प्रयास में विवेक भी गहरे पानी में समा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक अलग-अलग ग्रुप में 12-12 दोस्तों के साथ भैरव कुंड आए थे। यह कुंड लगभग 300 फीट गहरी खाई में स्थित है और घने जंगलों से घिरा हुआ है। यहां पहुंचने के लिए कठिन रास्ता पार करना पड़ता है। ऊपर का क्षेत्र इंदौर जिले में जबकि नीचे का हिस्सा देवास जिले में आता है।

हादसे के बाद वहां मौजूद साथियों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और फिर NDRF की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव बाहर निकाले जा सके।

एडिशनल एसपी एच.एन. बॉथम ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और दोनों परिवारों को सूचित कर दिया गया है।

विवेक वर्मा इंदौर में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR) के रूप में कार्यरत थे, वहीं गौरव 12वीं कक्षा का छात्र था। गौरव ने पिता से कहा था कि “10-15 मिनट में लौटकर आता हूं”, लेकिन वह दोस्तों के साथ कुंड चला गया।

पहले भी ले चुका है कई जानें

गौर करने वाली बात यह है कि भैरव कुंड में पिछले दो वर्षों में 8 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। प्रशासन द्वारा कई बार चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए और जनजागरूकता अभियान चलाए गए, लेकिन यह क्षेत्र युवाओं के लिए ‘एडवेंचर स्पॉट’ बना हुआ है। प्रशासन और पुलिस की अपील है कि इस तरह के खतरनाक स्थानों पर जाने से बचें, विशेषकर बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के। थोड़ी सी मस्ती जानलेवा साबित हो सकती है।

Next Post

बैंकिंग, धातु सेक्टरों में लिवाली से शेयर बाजरों में लौटी रौनक, निफ्टी फिर 25 हजार के पार

Mon Jul 21 , 2025
मुंबई, 21 जुलाई (वार्ता) बैंकिंग और धातु सेक्टरों में लिवाली से सोमवार को सप्ताह के पहले दिन घरेलू शेयर बाजारों में तेजी लौट आयी। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 442.61 अंक यानी 0.54 प्रतिशत चढ़ कर 82,200.34 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 […]

You May Like