बैंकिंग, धातु सेक्टरों में लिवाली से शेयर बाजरों में लौटी रौनक, निफ्टी फिर 25 हजार के पार

मुंबई, 21 जुलाई (वार्ता) बैंकिंग और धातु सेक्टरों में लिवाली से सोमवार को सप्ताह के पहले दिन घरेलू शेयर बाजारों में तेजी लौट आयी। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 442.61 अंक यानी 0.54 प्रतिशत चढ़ कर 82,200.34 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 भी 0.49 फीसदी यानी 122.30 अंक की मजबूती के साथ 25,090.70 अंक पुन: 25000 के स्तर से ऊपर पहुँच गया।
अच्छे तिमाही परिणामों के दम पर बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में तेजी है। सेंसेक्स की कंपनियों में आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 2.76 प्रतिशत और एचडीएफसी बैंक 2.19 प्रतिशत लाभ में बंद हुआ। तिमाही परिणाम से पहले इटरनल के शेयरों में पाँच फीसदी से अधिक का उछाल आया।
आज के कारोबार में रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे ज्यादा 3.29 प्रतिशत टूटा। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टीसीएस और हिंदुस्तान यूनीलिवर में भी गिरावट दर्ज की गयी।
विदेशों से मिले मिश्रित रुख के बीच शेयर बाजार में शुरू से ही तेजी रही। सेंसेक्स करीब 161 अंक की बढ़त के साथ 81,918.53 अंक पर खुला। हालांकि खुलने के तुरंत बाद कुछ समय के लिए बाजार में बिकवाली हावी रही और एक समय सेंसेक्स गिर कर 81,518.66 अंक तक कमजोर हो गया था। बाद में बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों में लिवाली का दौर चलने से यह 82,274.03 अंक के दिन के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया था। सेंसेक्स की 30 में से 19 कंपनियों के शेयर लाभ में रहे।
निफ्टी-50 भी 31 अंक से अधिक की तेजी में 24,999 अंक पर खुला और नीचे 24,882.30 अंक तथा ऊपर 25,111.40 अंक के दायरे में रहा।
एनएसई के अपेक्षाकृत अधिक शेयरों पर आधारित सूचकांक भी हरे निशान में रहे। निफ्टी-100 में 0.48 प्रतिशत, निफ्टी मिडकैप-50 में 0.64 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप-100 में 0.62 प्रतिशत की तेजी रही।
वित्तीय सेवा सेक्टर में कुल मिला कर उछाल देखा गया। हालांकि सार्वजनिक बैंकों के सेक्टर में गिरावट रही लेकिन निजी बैंकों के सेक्टर का सूचकांक एक प्रतिशत के अधिक की तेजी में रहा। धातु, रियलिटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और ऑटो जैसे सेक्टरों के सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुये जबकि तेल एवं गैस, फार्मा और स्वास्थ्य क्षेत्र के शेयरों में गिरावट देखी गयी।
विदेशों में एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख रहा। जापान का निक्केई 0.21 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। इसके विपरीत हांगकांग के हैंगसेंग में 0.68 फीसदी और चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.72 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गयी।
यूरोपीय बाजारों की प्रारंभिक रिपोर्ट में ब्रिटेन के एफटीएसई और जर्मनी के डैक्स में गिरावट का रुझान था।

Next Post

पर्दापण मैच में अर्धशतक जड़ने वाले ओवेन तीसरे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज

Mon Jul 21 , 2025
किंगस्टन, 21 जुलाई (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया के मिच ओवेन ने सोमवार को अपने पर्दापण टी-20 अंतराष्ट्रीय मुकाबले में वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। इसी के साथ वह तीसरे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गये जिन्होंने अपने पर्दापण मैच में यह कारनामा किया है। उन्होंने अपनी 50 रनों तूफानी पारी में […]

You May Like