किंगस्टन, 21 जुलाई (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया के मिच ओवेन ने सोमवार को अपने पर्दापण टी-20 अंतराष्ट्रीय मुकाबले में वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। इसी के साथ वह तीसरे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गये जिन्होंने अपने पर्दापण मैच में यह कारनामा किया है।
उन्होंने अपनी 50 रनों तूफानी पारी में छह छक्के लगाये। ओवेन पर्दापण मैच में अर्धशतक जड़ने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज है। इससे पहले रिकी पोंटिंग ने 2005 में न्यूजीलैंड के विरुद्ध नाबाद 98 रन और डेविड वार्नर ने 2009 में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध 89 रन बनाकर यह कारनामा किया था अब इस विशिष्ट क्लब में ओवेन शामिल हो गए।
इसी मैच में ओवेन ने एक ओवर में 14 रन देकर एक विकेट भी हासिल किया। छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आये ओवेन ने सोची समझी योजना के तहत गुडाकेश मोती की पहली गेंद पर छक्का लगाकर गेंदबाज पर दबाव बनाने का प्रयास किया।
मैच के बाद ओवेन ने कहा कि जब मैं बल्लेबाजी के लिए आया तो हमें 10 रन प्रति ओवर की दर से रन चाहिए थे, ऐसे में मुझे सकारात्मक रहना था। अगर मैंने पारी को संवारने के लिए समय लिया होता,तो मुझे लगता है कि मैंने खुद को एक गड्ढे में डाल लिया होता। मैंने ईमानदारी से मैदान पर अधिक ध्यान न देते हुए हर गेंद पर प्रहार करने का किया। इससे मुझे काफी मदद मिली।

