अहमदाबाद हवाई अड्डे पर नया कार्गो टर्मिनल शुरू, चार गुणा हुई क्षमता

अहमदाबाद, 05 सितंबर (वार्ता) गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक अत्याधुनिक एकीकृत कार्गो टर्मिनल की शुरुआत हुई है।

हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी अडानी पोर्ट्स ने शुक्रवार को बताया कि यह कार्गो टर्मिनल 20,000 वर्ग मीटर से अधिक में फैला है और प्रतिवर्ष दो लाख टन तक कार्गो संचालन की क्षमता से लैस है। इससे पहले पुराने टर्मिनल की क्षमता 50 हजार टन प्रतिवर्ष थी।

कंपनी ने बताया कि इस टर्मिनल का उद्देश्य कार्गो आवागमन में दक्षता और विश्वसनीयता में सुधार लाना है, जिससे हवाई अड्डे पर तेज और अधिक विश्वसनीय कार्गो प्रसंस्करण संभव होगा। यह गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश के व्यापक जलग्रहण क्षेत्रों की आवश्यकताओं को पूरा करेगा। टर्मिनल पर एक समर्पित कोल्ड-चेन जोन भी बनाया गया है।

गुजरात से ई-कॉमर्स के उत्पाद, ऑटोमोटिव पार्ट्स, फार्मास्यूटिकल्स, मूल्यवान वस्तुओं और नाशवान वस्तुओं जैसे उत्पाद दूसरे राज्यों में भेजे जाते हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, शीर्ष निर्यातों में इंजीनियरिंग सामान, वस्त्र, फार्मास्यूटिकल्स और रसायन शामिल हैं।

कंपनी ने कहा कि वह विश्वसनीयता और लागत दक्षता बढ़ाने के लिए बुनियादी ढांचे, डिजिटल प्रणालियों और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी में निवेश करना जारी रखेगी, जिससे गुजरात में उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।

 

Next Post

रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश ट्रस्ट हो सकते हैं संतुलिन विकल्प: संगठन

Fri Sep 5 , 2025
नयी दिल्ली, 05 सितंबर (वार्ता) रियल एस्टेट निवेश ट्रस्टों (रिट्स) और इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश ट्रस्टों (इनविट्स) के संगठनों ने शुक्रवार को कहा कि ये कम जोखिम के साथ ज्यादा रिटर्न देने वाले संतुलित निवेश विकल्प हो सकते हैं। रिट्स और इनविस्ट क्रमशः रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में काम करने […]

You May Like