
ग्वालियर। ग्वालियर जिले में सिंध नदी एक बार फिर खतरनाक स्थिति में पहुंच गई है। मड़ीखेड़ा डैम के 6 और अपर केकेटो डैम के 3 गेट खोलने से नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इसके चलते भितरवार को दतिया, शिवपुरी और ग्वालियर जिलों से जोड़ने वाला बड़गौर पुल जलमग्न हो गया है। पुल पर करीब 2 फीट पानी बह रहा है।
कैचमेंट एरिया में हो रही भारी बारिश के कारण अटल सागर, मड़ीखेड़ा, अपर केकेटो और हरसी डैम पूरी तरह भर चुके हैं। रात को डैम से पानी छोड़ा गया, जिससे सिंध नदी उफान पर आ गई।
भितरवार अनुविभाग में धूमेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित बड़गौर पुल पूरी तरह डूब गया है। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पुल को दोनों तरफ से बंद कर वहां पेट्रोलिंग टीम तैनात कर दी है।
एसडीओपी जितेन्द्र नगाइच ने बताया है कि एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें नदी किनारे बसे गांवों में जाकर लोगों को सतर्क रहने और नदी के पास न जाने की सलाह दे रही हैं। आपात स्थिति के लिए रेस्क्यू टीम भी तैयार रखी गई है।
