भोपाल। आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की। बैरसिया क्षेत्र में भोपाल-इंदौर बायपास स्थित मुस्कान ढाबे से 72 बल्क लीटर देशी शराब जब्त की गई। वहीं, अरेरा कॉलोनी, कोलार और रोहित नगर के विभिन्न बार, रेस्टोरेंट और ढाबों की जांच के दौरान अवैध मदिरापान कराने और करने के मामलों में 20 प्रकरण दर्ज किए गए।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर की गई कार्रवाई में परेवाखेड़ा स्थित मुस्कान ढाबे से देशी प्लेन शराब की छह पेटी और देशी मसाला शराब की दो पेटी बरामद हुईं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 31,800 रुपये बताई गई है। इस मामले में आनंद दांगी के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि ढाबा संचालक की तलाश जारी है।
इसके अलावा आबकारी विभाग की टीम ने अरेरा कॉलोनी के पेज-3 और सोरा सहित कोलार व रोहित नगर क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और सेवन पर रोक लगाने के लिए जिले में गश्त, निगरानी और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
