शिवपुरी: जिले की पोहरी तहसील में शनिवार सुबह भीषण अग्निकांड हो गया जिसने स्थानीय व्यापारियों को भारी नुकसान पहुंचाया. एक होटल, किराना दुकान और मोबाइल शॉप में अचानक लगी आग ने देखते‑ही‑देखते विकराल रूप धारण कर लिया. आग की लपटें और धुएं का गुबार आसमान तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे इलाके में अफरा‑तफरी मच गई. आग बुझाने के लिए दमकल और नगर परिषद के टैंकरों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी. प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस हादसे में करीब 45 से 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है.
शनिवार सुबह शिवपुरी जिले की पोहरी तहसील में स्थित एक मोबाइल शॉप, होटल और किराना दुकान में अचानक आग भड़क उठी. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसके दायरे में आसपास की कई दुकानें भी आ गईं. स्थानीय लोगों ने जब धुआं उठता देखा तो तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी। आग इतनी भयानक थी कि उसकी लपटें और काले धुएं का गुबार काफी ऊंचाई तक नजर आ रहा था. घटना के समय आसपास के लोग दहशत में आ गए और दुकानें बंद कर दीं. कुछ स्थानीय निवासियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण सफलता नहीं मिल सकी. आग पर काबू पाने के लिए दमकल की गाड़ियों के साथ‑साथ नगर परिषद के पानी के टैंकरों को लगाया गया. आग बुझाने में करीब चार घंटे का समय लगा. दमकल कर्मियों और प्रशासनिक अमले को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, तब जाकर आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
