
सीहोर. शनिवार को टाउन हाल पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने बायकाट संविदा, बायकॉट मलेरिया जैसे नारों के साथ एनएचएम की प्रबंध संचालक एमडी द्वारा संविदा कर्मचारियों के खिलाफ जारी किए आदेश की होली जलाई. अब हजारों की संख्या में पूरे प्रदेश के संविदा स्वास्थ्य कर्मी राजधानी भोपाल में प्रदर्शन करेंगे.
संविदा कर्मचारियों का आरोप है एनएचएम की एमडी द्वारा राज्य के सभी कलेक्टरों को पत्र भेजकर हड़ताली संविदा कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. जो पूरी तरह दमनकारी है और यह उनके अधिकारों का हनन है. इसी के विरोध में जिले भर के संविदा कर्मचारियों ने एकजुट होकर इस आदेश की प्रतिलिपि की होली जलाई. इस मौके पर आईईसी गतिविधियों के तहत मच्छरदानी प्रदर्शन कर कर्मचारियों ने यह संदेश दिया जिस मेहनत और लगन से उन्होंने मलेरिया जैसी बीमारी पर काबू पाया, उसी प्रतिबद्धता से वे अब संविदा प्रथा को समाप्त करने के लिए संकल्पबद्ध हैं.
