
भोपाल। हज-2026 पर जाने वाले यात्रियों के लिए जरूरी टीकाकरण, ओरल पोलियो डोज़ एवं स्वास्थ्य परीक्षण का अभियान जारी है। यह प्रक्रिया मध्य प्रदेश राज्य हज कमेटी के कार्यालय हज हाउस, ग्राम सिंगारचोली स्थित परिसर में 17 फरवरी तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित की जा रही है।
अभियान के अंतर्गत आज भोपाल ज़िले के 253 हज यात्रियों का टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। शेष हज यात्रियों को निर्देशित किया गया है कि वे 17 फरवरी तक अनिवार्य रूप से ओरल पोलियो डोज़, आवश्यक टीकाकरण तथा स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराएं।
हज यात्रियों को टीकाकरण केंद्र पर कवर नंबर, पासपोर्ट की छायाप्रति एवं दो फोटोग्राफ साथ लाना अनिवार्य है। टीकाकरण के उपरांत यात्रियों को हेल्थ कार्ड फॉर हज पिलग्रिम्स 2026 प्रिस्क्राइब्ड बुकलेट पर प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा, जो हज यात्रा के दौरान साथ रखना अनिवार्य होगा। यह हेल्थ कार्ड हज कमेटी द्वारा ही उपलब्ध कराया जाएगा और यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी औपचारिकताओं के लिए अत्यंत आवश्यक माना गया है।
