सोशल मीडिया संदेशों पर शक, कलाई पर कट का निशान; छात्रा की मौत में हत्या का एंगल?

भोपाल: राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा ख्याति जैन की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।मृतका की मां वर्षा जैन ने आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री की मृत्यु आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला हो सकता है।

उन्होंने कहा कि घटना वाले दिन उनकी पुत्री का मित्र तनीष चंद्रवंशी कई घंटे तक घर में मौजूद था और उसी ने सबसे पहले पुलिस तथा परिजनों को घटना की सूचना दी थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने अब तक तनीष के विस्तृत बयान दर्ज नहीं किए हैं।परिजनों के अनुसार, छात्रा की मृत्यु से पहले उसके सोशल मीडिया खाते से कुछ संदेश भेजे गए थे, जिनमें मानसिक तनाव और पारिवारिक विवादों का उल्लेख किया गया था। मां का दावा है कि संदेशों की भाषा उनकी पुत्री की सामान्य शैली से मेल नहीं खाती और संबंधित खाते तक अन्य व्यक्ति की भी पहुंच थी।
मामले में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की मांग की गई है। परिजनों का कहना है कि घटना के समय और परिस्थितियों को लेकर कई प्रश्न अब भी अनुत्तरित हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार छात्रा ने मृत्यु से पहले लगभग 24 घंटे तक भोजन नहीं किया था तथा उसकी कलाई पर कट के निशान पाए गए थे। विसरा जांच रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है।
पुलिस फिलहाल मामले की जांच आत्महत्या के दृष्टिकोण से कर रही है। हालांकि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर विभिन्न पहलुओं की जांच जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही सामने आने की बात कही है।

Next Post

​पांढुरना में दिनदहाड़े किसान से बैंक के सामने लूट, राहगीरों ने एक आरोपी को दबोचा; दूसरा फरार

Thu Jun 4 , 2026
पांढुरना: नगर के बस स्टैण्ड के पास रेलवे स्टेशन मार्ग से लगे जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सामने दो बाइक सवार युवकों ने गुरुवार के दिन दोपहर लगभग 12 बजे एक किसान का नोटो से भरा बैग लूटकर फरार हो रहा थे,इसी दौरान किसान द्वारा मदद के लिए पुकारने पर […]

You May Like

मनोरंजन