
रतलाम। शहर के ओल्ड रेलवे क्वार्टर क्षेत्र में बारात के दौरान हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। चाकूबाजी की इस घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार रविवार की रात एक बारात निकल रही थी, इसी दौरान नाचने या किसी अन्य बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढऩे पर एक युवक बारात से निकलकर ओल्ड रेलवे क्वार्टर के पास खड़े अपने साथियों के पास पहुंचा। कुछ ही देर में दूसरा पक्ष भी वहां पहुंच गया और गाली-गलोच शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और एक पक्ष ने 22 वर्षीय पीयूष रावत के सिर पर ईंट मार दी। बीच-बचाव करने आए उसके चचेरे भाई आनंद सिंह रावत और दोस्त शाहबाज खान पर चाकू से हमला कर दिया गया। तीनों गंभीर रूप से घायल होकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने आनंद को मृत घोषित कर दिया, जबकि कुछ देर बाद शाहबाज ने भी दम तोड़ दिया। पीयूष को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
दूसरी ओर, दूसरे पक्ष के मुन्ना और रोहित खंडकर भी घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचे, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी अमित कुमार, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने घायल पीयूष के बयान के आधार पर मुन्ना और रोहित खंडकर के खिलाफ मामला दर्ज किया। चूंकि घटना स्थल जीआरपी क्षेत्र में आता है, इसलिए आगे की जांच रेलवे पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
घायल बोले- गाली देने से मना किया तो किया हमला: घायल पीयूष रावत ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई आनंद और दोस्त शाहबाज के साथ शंकर मंदिर के पास था। इसी दौरान आरोपी पक्ष वहां पहुंचा और गाली-गलोच करने लगा। विरोध करने पर पहले ईंट से हमला किया गया और फिर चाकू से वार कर दिए गए।
रेल एसपी ने किया निरीक्षण
प्रभारी रेल एसपी (एएसपी) हेमंत चौहान सोमवार सुबह इंदौर से रतलाम पहुंचे। उन्होंने मेडिकल कॉलेज और घटना स्थल का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
