शिलांग (वार्ता) मेघालय पुलिस ने असम पुलिस के साथ मिलकर मानव तस्करी के सरगना समेत 12 बंगलादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि मुंबई से गुवाहाटी तक ट्रेन में इन बंगलादेशी नागरिकों को ले जाने वाले मानव तस्करों के एक संगठित गिरोह के बारे में खुफिया सूचना के आधार पर मेघालय में री-भोई जिले की पुलिस ने बुधवार को यह कार्रवाई शुरू की।
मेघालय पुलिस को जानकारी मिली थी कि बंगलादेशी नागरिकों की मानव तस्करी का सरगना सुकुर जनाब शेख इन अवैध प्रवासियों को ट्रेन में ले जा रहा था।
री-भोई के जिला पुलिस प्रमुख विवेकानंद राठौर ने कहा, “मेघालय पुलिस ने कामाख्या जंक्शन और गुवाहाटी जंक्शन पर ट्रेन नंबर 15945 (एलटीटी-डिब्रूगढ़ स्टेशन) की तलाशी ली, लेकिन उनमें से किसी का पता नहीं चल सका। लेकिन हमें महत्वपूर्ण सुराग मिले और हमने तुरंत बर्नीहाट आउट पोस्ट पर मोबाइल चेक पोस्ट स्थापित किया। वाहनों की जांच के दौरान एक वाहन से दो नाबालिगों सहित 11 बंगलादेशी नागरिकों को पकड़ा गया। पुलिस को चकमा देकर भाग निकले शेख को बाद में असम पुलिस की सहायता से गिरफ्तार कर लिया गया।
श्री राठौर ने बताया कि गिरफ्तार अवैध प्रवासियों के पास आधार कार्ड, पैन कार्ड जैसे जाली पहचान पत्र पाए गए हैं और वे दावकी की ओर बढ़ रहे थे तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने की योजना बना रहे थे।
