अफवाहों से न घबराएं, प्रदेश में गैस-पेट्रोल का पर्याप्त भंडार: मंत्री राजपूत

भोपाल। प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही चर्चाओं के बीच खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने आज स्पष्ट किया है कि राज्य में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में घरेलू गैस सहित पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा वितरण व्यवस्था भी सुचारु रूप से संचालित हो रही है।

मंत्री ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल और नेता अनावश्यक अफवाहें फैलाकर लोगों में भ्रम और घबराहट पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ऐसी भ्रामक बातों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर की अतिरिक्त बुकिंग करने से बचें।

गोविंद सिंह राजपूत ने यह भी सुझाव दिया कि फिलहाल गैस की खपत को संतुलित बनाए रखने के लिए बड़े भोज और विशाल आयोजनों से परहेज किया जाए। उन्होंने कहा कि सैकड़ों या हजारों लोगों के भोजन वाले बड़े कार्यक्रमों के बजाय सीमित स्तर के आयोजन किए जाएं, जिससे ईंधन की अनावश्यक खपत कम हो और आपूर्ति व्यवस्था संतुलित बनी रहे।

उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बावजूद देश और मध्यप्रदेश में ईंधन आपूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ा है और सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

मंत्री ने यह बात भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस कार्यक्रम के दौरान कही। इस अवसर पर राज्य स्तरीय उपभोक्ता प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

मंत्री ने उपभोक्ताओं से जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि बाजार से सामान खरीदते समय उसकी एक्सपायरी डेट, वजन और कीमत की जांच अवश्य करें। उन्होंने कहा कि सजग और जागरूक उपभोक्ता ही बाजार व्यवस्था में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित कर सकते हैं।

Next Post

हनुमान धाम मंदिर में धूमधाम से मनेगी राम नवमी और हनुमान जी का प्राकट्योत्सव 

Sun Mar 15 , 2026
इटारसी। शहर के प्राचीन एवं सिद्ध श्री हनुमान धाम मंदिर, ओवरब्रिज परिसर में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के प्राकट्योत्सव राम नवमी एवं रामभक्त हनुमान जी के प्राकट्योत्सव के अवसर पर परंपरा अनुसार तीन दिवसीय भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को मंदिर […]

You May Like