भोपाल: नवरात्रि के अवसर पर भोपाल के विजय मार्केट व्यापारी समाज दुर्गा उत्सव समिति ने इस बार भव्य धार्मिक थीम पर दुर्गा पंडाल सजाया है। करीब 35 लाख रुपये के बजट में तैयार इस झांकी में नीम करोली बाबा के कैंची धाम और हनुमान जी से जुड़ी थीम को दर्शाया गया है। पंडाल के अलग-अलग तलों पर धार्मिक दरबार सजाए गए हैं, जिनमें दूसरी मंजिल पर राजस्थान के कम्बेश्वर महादेव मंदिर की प्रतिकृति और तीसरी मंजिल पर देवी का भव्य दरबार बनाया गया है।
करीब 65 हजार वर्ग फीट में सजे इस पंडाल में बंगाली शैली की दुर्गा प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र है। प्रतिमा 15 फीट ऊंची और 22 फीट चौड़ी है। यहां गरबा समूहों की प्रस्तुतियों, कलाकारों के कार्यक्रमों और माता के जागरण का भी आयोजन किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष मनीष गोयल के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था में गोविंदपुरा थाना पुलिस का भी सहयोग मिल रहा है। धार्मिक आस्था, भव्य सजावट और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ विजय मार्केट का यह दुर्गा पंडाल नवरात्रि के खास आकर्षणों में शामिल है।
