
ग्वालियर ! ग्वालियर व्यापार मेला में आगामी 21 अक्टूबर से शुरू हो रहे स्वदेशी मेले में गाय से देश की तरक्की सहित स्वदेशी परिवेश पर जोर दिया जायेगा। इतना ही नहीं मेले में प्रधानमंत्री के लोकल फार वोकल के साथ पर्यावरण पर भी विशेष जोर दिया जायेगा।उक्त जानकारी आज गुरूवार को मेला परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में स्वदेशी मेला संयोजक आर.पी.माहेश्वरी, संयोजक- भूपेन्द्र जैन व ग्वालियर मेला व्यापार मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक सिंह जादौन, उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने दी।
पत्रकारों को जानकारी देते हुये संयोजक आर.पी. माहेश्वरी ने बताया कि कल शुक्रवार 16 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे स्वदेशी मेले का भूमि पूजन एवं कार्यालय का उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर करेंगे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के यशवंत इन्द्रापुरकर, प्रहलाद सबनानी, सांसद भारत सिंह कुशवाह, म.प्र. वित निगम के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया, पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर, विधायक अमरीश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि स्वदेशी मेले में लगभग 500 दुकानें लगाई जायेंगी, जिनमें 150 दुकानें ग्वालियर महानगर के स्वदेशी उत्पाद विक्रय करने वाले उद्यमी, छोटे दुकानदार, मिट्टी के बर्तन बनाने वाले कारीगरों, हस्तशिल्प, वस्त्र व्यवसायीगणों के लिये हैं। स्वदेशी मेले में भारत को गाय पालन से कैसे आर्थिक रूप से मजबूत किया जाएगा इसके लिए 30,000 वर्गफीट में स्वदेशी ग्राम के प्रतिरूप की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें कई प्रकल्प प्रदर्शित किए जाऐंगे, गाय के गोबर से सीएनजी प्लान्ट, ग्रामीण पर्यटन, ग्रामीण परिवेश का वातावरण मनमोहक एवं बच्चों के लिए आकर्षण का केन्द्र होगा।
मेला पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त मेला होगा : जैन
संयोजक भूपेन्द्र जैन ने कहा कि यह मेला पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त मेला होगा जहाँ पानी की बोतल बेची नहीं जाएगी कांसे के लोटे से जल पिलाया जायेगा। इस मेले को देशभर में अभी तक लगे 100 स्वदेशी मेले में एक मॉडल मेला बनाकर महानगरवासियों के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है और यह आने वाले समय में ग्वालियर की आर्थिक प्रगति में कैसे भागीदार हो सकता है इसके लिए प्रतिवर्ष परिकल्पना की जायेगी।
मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन, उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने कहा कि प्रतिदिन बच्चों और महिलाओं के लिए ज्ञानवर्धक जीवनोपयोगी सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य कार्यक्रमों काआयोजन सांस्कृतिक समिति द्वारा किया जायेगा । जेन-जी एवं जेन-अल्फा के लिए रोचक व मनोरंजक कार्यक्रम रखे गए हैं। प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भजन क्लबिंग, नाटक, कवि सम्मेलन एवं अन्य मनोरंजक कार्यक्रमों को निःशुल्क प्रदर्शित किया जायेगा।
स्वदेशी मेला दीवाली को और अधिक आर्थिक रूप से मजबूत करेगा साथ ही स्वदेशी को घर-घर पहुंचायेगा। यह दीवाली ग्वालियरवासियों के लिए स्वदेशी दीवाली हो, इसलिए इसको दीपोत्सव-2026 का नाम दिया गया है।
इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़ के संगठक केशव दुबोलिया, कैट के अजय चोपडा विशेष रूप से उपस्थित थे।
